एप्पल न्यूज, नई दिल्ली
देश की राजधानी सोमवार शाम उस समय दहल उठी जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास चलती आई-20 कार में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के क्षेत्र में आग लग गई और छह अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं।
इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट पर एक तेज आवाज के साथ कार में धमाका हुआ, जिसके बाद चारों ओर धुआं और आग फैल गई।

आस-पास के लोगों में अफरातफरी मच गई और सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस, एनआईए, एनएसजी, सीएफएल और फोरेंसिक विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका आतंकी साजिश थी या तकनीकी खराबी के कारण हुआ हादसा। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि “शाम 6:52 पर फोर्ट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास आई-20 कार में विस्फोट हुआ। प्रारंभिक जांच में विस्फोटक पदार्थ के उपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।”
घटना की जानकारी मिलते ही गृह मंत्री अमित शाह तुरंत एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
विस्फोट के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
देश की राजधानी में हुए इस विस्फोट ने सुरक्षा तंत्र पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं और जल्द ही विस्फोट के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।






