एप्पल न्यूज, शिमला
हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड में उपभोक्ता सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 1602 विद्युत उपभोक्ता मित्रों की आउटसोर्स आधार पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए राज्य सरकार की एजेंसी हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन प्रक्रिया पूरी करेगी।
बिजली बोर्ड के आग्रह पर विद्युत नियामक आयोग ने इस भर्ती को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। आयोग के सचिव सुनील वर्मा द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि बोर्ड में टी-मेट के करीब 3000 पद खाली होने के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है, इसलिए युक्तिकरण के आधार पर ये पद भरना आवश्यक है।

उपभोक्ता मित्रों को फिक्स 10,000 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा और तकनीकी हस्तक्षेप बढ़ाकर ऑपरेशन व मेंटेनेंस लागत कम करने के निर्देश भी बोर्ड को दिए गए हैं।
दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल ऑफिसर (जनरल विंग) के 232 पदों को भरने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जॉब ट्रेनी स्कीम के तहत होने वाली इस भर्ती में चयनित डॉक्टरों को 34,000 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। आवेदन लिंक सक्रिय कर दिया गया है और इच्छुक उम्मीदवार 12 दिसंबर 2025 तक आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।







