एप्पल न्यूज, शिमला/पंचकूला
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रविवार सुबह पंचकूला में हिमाचल प्रदेश के पूर्व असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर निशांत सरीन, डॉ. कोमल खन्ना और कथित फर्जी आईबी अधिकारी विनय अग्रवाल के आवासों पर एक साथ छापेमारी की।
ये कार्रवाई 2019 में दर्ज उस भ्रष्टाचार मामले से जुड़ी है, जिसमें फार्मा कंपनियों से रिश्वत लेने के आरोप लगे थे।
सुबह लगभग 4 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में ईडी की टीमों ने पंचकूला के सेक्टर 20 स्थित सनसिटी परिक्रमा सोसायटी में स्थित उनके फ्लैट्स की तलाशी ली। ईडी को शक है कि इन अधिकारियों ने दवा कंपनियों से कथित तौर पर लाइसेंस, मंजूरी और निरीक्षण प्रक्रिया में अनियमितताओं के बदले में मोटी रकम वसूली थी।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों की जांच से आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में हिमाचल विजिलेंस ब्यूरो ने निशांत सरीन के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया था, जिसमें दावा किया गया था कि उन्होंने फार्मा कंपनियों को नियमों से छूट देने के एवज में रिश्वत ली थी। अब यह मामला मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं के चलते ईडी की जांच के दायरे में आ गया है।
ईडी की यह कार्रवाई दर्शाती है कि फार्मा सेक्टर में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र सरकार और जांच एजेंसियां अब ज्यादा सख्ती बरत रही हैं।






