हिमाचल HC के जस्टिस तरलोक सिंह चौहान बने झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश

IMG_20251207_105330
previous arrow
next arrow

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश को नई जिम्मेदारी, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना

शिमला/नई दिल्ली
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान को झारखंड हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। वह दो बार हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रह चुके हैं।

न्यायमूर्ति चौहान का जन्म 9 जनवरी 1964 को जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने बिशप कॉटन स्कूल शिमला से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ से ऑनर्स सहित स्नातक करने के बाद पंजाब विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री प्राप्त की। 1989 में उन्होंने वकालत शुरू की और वरिष्ठ अधिवक्ता लाला छबील दास के चैंबर में कार्य किया।

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट में वकालत करते हुए उन्होंने सभी विधिक क्षेत्रों में अनुभव प्राप्त किया। उन्हें 23 फरवरी 2014 को हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश और 30 नवंबर 2014 को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

अपने न्यायिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यायपालिका के डिजिटलीकरण और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। ई-कोर्ट, ऑनलाइन फाइलिंग, कोर्ट फीस का डिजिटल भुगतान, और अन्य कई सुविधाएं उनके नेतृत्व में लागू की गईं, जिससे अधिवक्ताओं और वादकारियों को बड़ी राहत मिली।

वह विदेशों में आयोजित कई अंतरराष्ट्रीय न्यायिक सम्मेलनों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा, वह हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, शिमला की कार्यकारी परिषद और ज्यूडिशियल अकादमी हिमाचल के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

उनकी नियुक्ति को हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात माना जा रहा है। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि जस्टिस चौहान के नेतृत्व में झारखंड हाई कोर्ट को तकनीकी नवाचार और न्यायिक पारदर्शिता के नए मानदंड मिलेंगे।

Share from A4appleNews:

Next Post

CM ने वित्त मंत्री से हिमाचल की ऋण सीमा बढ़ाने व वित्तीय दायित्वों को शीघ्र पूरा करने की मांग की

Tue Jul 15 , 2025
एप्पल न्यूज, नई दिल्ली/शिमला हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट कर राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर गंभीर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राज्य की ऋण सीमा में वृद्धि करने का आग्रह करते हुए केंद्र सरकार से […]

You May Like