एप्पल न्यूज, रिकांगपिओ
किन्नौर जिला में लगातार बारिश से भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के बीच प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर निगुलसरी और नाथपा भूस्खलन क्षेत्रों में रात के समय वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
यह प्रतिबंध रोजाना रात 8 बजे से सुबह 5:30 बजे तक प्रभावी रहेगा और अगले आदेश तक जारी रहेगा।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि यह कदम जनहित में उठाया गया है। पुलिस विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त बल तैनात करने और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं एसडीएम निचार को रोशनी की व्यवस्था, वैकल्पिक मार्गों पर सुरक्षा प्रबंध और आपातकालीन आवाजाही सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
लगातार बारिश के कारण नाथपा में पहाड़ी से पत्थर गिरने और निगुलसरी में सड़क धंसने से मुख्य मार्ग शनिवार सुबह से ही अवरुद्ध है। वैकल्पिक सड़क वाया नाथपा डेम भी चट्टानें गिरने से बंद हो गई है।
एनएच प्राधिकरण मार्ग बहाली में जुटा हुआ है और संभावना है कि निगुलसरी मार्ग रविवार दोपहर तक बहाल हो जाएगा, जबकि नाथपा वैकल्पिक मार्ग भी जल्द खोल दिया जाएगा।
लोगों की आवश्यकताओं को देखते हुए सेब, मटर और अन्य सामान के परिवहन के लिए लोक निर्माण विभाग और वन निगम ने दो स्पैन लगाए हैं ताकि किसानों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।







