एप्पल न्यूज़, ज्यूरी/रामपुर बुशहर
गानवी खड्ड पर गानवी-क्याव-कूट-किन्फी-सुरु गांवों को जोड़ने वाला 120 फुट लंबा बेली पुल बनकर तैयार हो गया है। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र की तीन पंचायतों के हजारों लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और स्थानीय ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा।
यह बेली ब्रिज गानवी-क्याव-कूट-किन्फी-सुरु संपर्क मार्ग के RD 0/090, ज्यूरी के नजदीक गानवी खड्ड पर बनाया गया है। पुल का निर्माण 19 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक पूरा किया गया।
पुल के निर्माण कार्य की निगरानी भीमसेन नेगी के नेतृत्व में की गई। उनके मार्गदर्शन और निगरानी में अब तक 122 बेली पुलों का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
नवनिर्मित पुल से गानवी, क्याव, कूट, किन्फी और सुरु सहित आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों के लिए यह पुल आवागमन के साथ-साथ कृषि, बागवानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
पुल के तैयार होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने पुल निर्माण से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया है।



