स्पेशल सेल शिमला की टीम ने कार की तलाशी के दौरान बरामद किया चिट्टा
एप्पल न्यूज़, शिमला
शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तारादेवी क्षेत्र में एक कार से करीब 20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल सेल शिमला की टीम ने तारादेवी क्षेत्र में एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली। इस दौरान कार से करीब 20 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार (20), निवासी चक्कर, शिमला; लखविन्द्र सिंह (36), निवासी तारादेवी, शिमला, मूल निवासी होशियारपुर, पंजाब; तथा सौरव कश्यप (29), निवासी झालगी, तारादेवी, शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 220/2026, दिनांक 19 अक्टूबर 2026, धारा 21 व 29 ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में नशे की सप्लाई और अन्य संभावित कड़ियों का पता लगाने के लिए आगामी अन्वेषण जारी है।



