वीरभद्र सिंह को बताया अपना राजनीतिक गुरु, बोले- उनके आशीर्वाद से छह बार बना विधायक और मंत्री
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
रामपुर की राजनीति के पुराने और चर्चित चेहरों में शुमार पूर्व विधायक एवं मंत्री सिंघी राम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 10 नवंबर को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को अपना त्यागपत्र भेजकर इसे स्वीकार करने का आग्रह किया है। इस्तीफे में उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया है, लेकिन बातचीत के दौरान पार्टी छोड़ने की वजह बताते हुए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार में अनदेखी किए जाने और पार्टी में सम्मान न मिलने की बात कही।
सिंघी राम ने कहा कि जयराम सरकार के कार्यकाल में उन्हें कोई तवज्जो नहीं दी गई। वह जनता के काम करवाने में भी असमर्थ रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा में रहते हुए वह खुद को बेइज्जत महसूस कर रहे थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को अपना राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से ही वह छह बार विधायक बने और मंत्री पद तक पहुंचे।

गौरतलब है कि सिंघी राम ने वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की थी। करीब सात साल तक पार्टी में रहने के बाद अब उन्होंने भाजपा से अलग होने का फैसला लिया है।
सिंघी राम का रामपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में लंबा और प्रभावशाली सफर रहा है। वह वर्ष 1982 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इसके बाद 1985, 1990, 1993, 1998 और 2003 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर कुल छह बार विधानसभा पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी। वीरभद्र सिंह की सरकार में वर्ष 2004 में उन्हें बागवानी तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
हालांकि, वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उनका टिकट काटकर नंद लाल को प्रत्याशी बनाया। नंद लाल चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद सिंघी राम और वीरभद्र सिंह के राजनीतिक रिश्तों में तल्खी बढ़ गई। वर्ष 2012 में उन्हें कांग्रेस से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद वर्ष 2019 में वह तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए थे। उस समय भाजपा ने उनके छह बार विधायक और पूर्व मंत्री रहने के अनुभव को रामपुर में पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया था। अब करीब सात साल बाद उनके भाजपा छोड़ने के फैसले को रामपुर की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।










