file_0000000034e482078c2661b357b797a7
previous arrow
next arrow
file_00000000ff4c8207807eed1db80f639d
previous arrow
next arrow

चिट्टा तस्करों को नहीं छोड़ेंगे, तस्करों की 92 करोड़ की सम्पति जब्त, युवाओं की सुरक्षा के लिए सरकार कृतसंकल्प-CM

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

 मुख्यमंत्री ने मंडी में एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन का नेतृत्व किया
नशा तस्करों की अवैध रूप से अर्जित 92 करोड़ रुपये की संपत्ति को किया गया सीज

एप्पल न्यूज़, मंडी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन का नेतृत्व किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के लोगों, विशेषकर युवाओं से नशामुक्त हिमाचल अभियान की इस निर्णायक लड़ाई में बड़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
यह वॉकाथॉन मंडी के पड्डल मैदान से शुरू होकर बस स्टैंड तथा सेरी मंच की ओर बढ़ी और वापस पड्डल मैदान में समाप्त हुई। इस आयोजन में पूरे जिले से बड़ी संख्या में छात्रों और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुख्पमंत्री ने प्रतिभागियों को एंटी चिट्टा शपथ दिलवाई और उन्हंे सतर्क रहकर नशे के खिलाफ इस अभियान में योगदान देने का आह्वान किया।
पड्डल मैदान में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के कारोबार के खिलाफ निरन्तर सख्त कदम उठाना सुनिश्चित कर रही है। हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल सरकार और पुलिस की कार्रवाई से इस समस्या का पूरा समाधान नहीं हो सकता है इसके लिए समाज के हर वर्ग का सक्रिय सहयोग जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि हिमाचल में चिट्टा बेचने वालों और पैसे के लिए युवाओं का जीवन तबाह करने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार की नीति बिल्कुल स्पष्ट और कड़ी है। चिट्टा बेचने वालों और ड्रग तस्करी में शामिल लोगों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक सरकारी भूमि पर बनी 22 संपत्तियों को खाली करवाकर ध्वस्त किया गया है और अब तक नशा तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई 92 करोड़ की संपत्ति को सीज किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कानून के दायरे में रहकर चिट्टा नेटवर्क और नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में नशामुक्त अभियान एक जन आन्दोलन का रूप ले चुका है।
समाज के सभी वर्गों से सामूहिक सहयोग का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लड़ाई में हर मां, हर पिता, हर शिक्षक, हर पंचायत, हर महिला मंडल, हर युवा मंडल और सबसे बढ़कर हिमाचल प्रदेश के युवाओं के सहयोग की जरूरत है। आज मैं यह जिम्मेदारी राज्य के युवाओं को सौंप रहा हूं।
उन्होंने आह्वान किया कि वह चिट्टे की बिक्री या नशे से जुड़ी अन्य गतिविधियों को देखकर चुप न रहें बल्कि आपातकालीन टोल फ्री नम्बंर 112 के माध्यम से अधिकारियों के साथ विश्वसनीय जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ सटीक जानकारी देने वालों को पुरस्कृत करने का प्रावधान भी किया है।


हिमाचल प्रदेश के युवाओं की सुरक्षा की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि राज्य को चिट्टे के खतरे के सामने झुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एंटी चिट्टा अभियान लगभग एक साल पहले समाज को एकजुट करने के संकल्प के साथ शुरू किया गया था। 5 नवबंर, 2025 को शिमला की सड़कों पर हजारों लोग नशे के खिलाफ आवाज उठाने उतरे थे। इसके बाद 1 दिसंबर को धर्मशाला और 16 दिसंबर को हमीरपुर के युवाओं ने इस अभियान को नई ऊर्जा दी। पिछले वर्ष 26 दिसंबर को बिलासपुर में हजारों लोगों ने एक साथ पैदल चलकर चिट्टे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान की शुरूआत के एक साल बाद, मंडी में भी वही संकल्प और एकजुटता देखने को मिल रही है।
प्रतिभागियों के जोश की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा छात्रों ने दूर-दराज के इलाकों से वॉकाथॅन में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने में बहुमूल्य योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने मंडी में छह करोड़ 55 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले जिला पुस्तकालय भवन का शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, चंद्रशेखर और सुरेश कुमार, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, रंगीला राम राव और प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जानजाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल, एससी सेल कांग्रेस के अध्यक्ष नरेश चौहान, जिला अध्यक्ष चम्पा ठाकुर, पीसीसी उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर, महासचिव पवन ठाकुर, धर्मवीर धामी, दीपक शर्मा, रेगुलेटरी कमीशन के सदस्य विजय पाल, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, सराज ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जगदीश रेडडी, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अपूर्व देवगन और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News