एप्पल न्यूज़, कुल्लू
उपायुक्त डॉ अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र में ‘बेरा’ परीक्षण की आवृत्ति को बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन करने पर गहन चर्चा हुई। सेवाओं को सुचारू समायोजन के तहत यह तय किया गया कि गुरुवार को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के ईएनटी विभाग के ऑडियोलॉजिस्ट और शुक्रवार व शनिवार को डीडीआरसी की ऑडियोलॉजिस्ट अपनी सेवाएं देंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

इसके अतिरिक्त, समग्र शिक्षा के ‘थेरेपी ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम को सुगम बनाने, अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित करने तथा क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपलब्ध विशेष सेवाओं की आधिकारिक अधिसूचना जारी करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान खराब पड़ी ओएई मशीन की शीघ्र मरम्मत करवाने और अखिल भारतीय वाक एवं श्रवण संस्थान , मैसूर (कर्नाटक) से एक ऑडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति करने के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी आवश्यक कदम उठाने के दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रणजीत सहित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र,जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र तथा आशा संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।

















