तो हिमाचल कांग्रेस को आज मिल सकता है “नया अध्यक्ष”, दिल्ली में होगी हाईलेवल बैठक

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज, शिमला /नई दिल्ली

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को आज नया अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी हाईकमान ने सोमवार दोपहर 1:30 बजे दिल्ली स्थित 24, अकबर रोड कांग्रेस मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है, जिसमें प्रदेश संगठन और सरकार से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लगने की उम्मीद है।

इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी मौजूद रहेंगे।

बैठक में कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल, दोनों सह प्रभारी नेता और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। खास बात यह है कि हिमाचल सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और राज्य के आठ कैबिनेट मंत्री भी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे।

इनमें कर्नल धनी राम शांडिल, हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी और रोहित ठाकुर जैसे नाम शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाम पर सहमति बनने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन का खाका भी तैयार कर लिया गया है, जिस पर अंतिम मुहर इसी बैठक में लगेगी। सभी नेताओं से राय लेने के बाद हाईकमान अपना निर्णय सुनाएगा।

बैठक का एजेंडा सिर्फ संगठनात्मक नहीं बल्कि प्रशासनिक भी है। वर्तमान में मंत्रिमंडल का एक पद खाली है, जिसे भरने के साथ-साथ विभागों में फेरबदल की चर्चा भी प्रस्तावित है। मंत्रियों की अब तक की परफॉर्मेंस की समीक्षा कर हाईकमान निर्णय ले सकता है कि अगली जिम्मेदारी किसे मिलेगी।

इसके अलावा प्रतिभा सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण को लेकर भी हाईकमान के सामने प्रस्ताव रखेंगी। यह कार्यक्रम पहले 15 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन भारी बारिश के चलते स्थगित कर दिया गया था। नई तारीख तय करने के लिए भी इस बैठक में चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू को रविवार को चंबा दौरे पर जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका दौरा रद्द हो गया और वे दिल्ली में ही रुके रहे। इसी दौरान प्रभारी रजनी पाटिल ने उनसे मुलाकात कर अहम मुद्दों पर बातचीत की।

हिमाचल कांग्रेस की इस बैठक से स्पष्ट है कि पार्टी राज्य में संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर बड़े बदलावों की ओर बढ़ रही है।

Share from A4appleNews:

Next Post

रामपुर बुशहर की कुशवा पंचायत में बादल फटा, 3 घरों और सैकड़ों सेब के पेड़ों को भारी नुकसान

Mon Aug 4 , 2025
एप्पल न्यूज, रामपुर बुशहर रामपुर बुशहर की कुशवा पंचायत के 15/20 नोनू क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 3 बजे बादल फटने की घटना सामने आई है। इस प्राकृतिक आपदा में तीन परिवारों के आशियानों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित घर चरण दास, सुरजीत और राजीव कुमार के बताए जा […]

You May Like

Breaking News