एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने जानकारी दी कि चौदहवीं विधान सभा का 11वां सत्र तथा वर्तमान सरकार का चौथा बजट सत्र 16 फरवरी, 2026 को अपराह्न 2:00 बजे माननीय राज्यपाल के अभिभाषण के साथ प्रारंभ होगा।
आज दोपहर 12:15 बजे विधानसभा सचिवालय के मुख्य अतिथि कक्ष में आगामी सत्र के मद्देनज़र पत्रकार दीर्घा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद पत्रकार वार्ता भी हुई। इस अवसर पर अध्यक्ष पठानियां ने बताया कि सत्र का प्रथम चरण तीन दिनों के लिए निर्धारित किया गया है, हालांकि आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि अब तक माननीय सदस्यों से कुल 125 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 111 प्रश्न तारांकित तथा 14 प्रश्न अतारांकित हैं। सभी प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं और नियमानुसार आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को भेज दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त नियम 62 तथा 101 के अंतर्गत दो सूचनाएं भी ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई हैं, जिन्हें भी नियमानुसार सरकार को प्रेषित किया गया है।
अध्यक्ष ने बताया कि सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि, स्कूलों का विलय, सड़कों व पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर, प्रदेश में महाविद्यालयों, स्कूलों एवं स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पूर्ति, पर्यटन विकास, उद्यानिकी, पेयजल आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे की रोकथाम, बढ़ते आपराधिक मामलों, सौर ऊर्जा और परिवहन व्यवस्था जैसे विषय प्रमुख हैं। इसके अलावा विधायकों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े अहम मुद्दों को भी प्रश्नों के माध्यम से उठाया है।
सत्र के सुचारू संचालन के लिए अध्यक्ष ने 16 फरवरी से पूर्व दोपहर 12:15 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, राज्य सरकार के उप-मुख्य सचेतक तथा भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक शामिल होंगे। अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि सभी दल सकारात्मक सहयोग देंगे और सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संचालित होगी।







