आर्थिक बदहाली के बावजूद हिमाचल की विकास दर 8.3% राष्ट्रीय औसत से अधिक, प्रति व्यक्ति आय 2,83,626 रुपये पहुंचने का अनुमान

IMG_20251207_105330
previous arrow
next arrow


एप्पल न्यूज़, शिमला
आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य की अर्थव्यवस्था ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है और विकास दर राष्ट्रीय औसत से अधिक रहने का अनुमान जताया गया है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में प्रदेश की विकास दर 8.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो राष्ट्रीय औसत 7.4 से 7.6 प्रतिशत से अधिक है।
आर्थिक सर्वे में यह भी सामने आया कि हिमाचल में प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 2,83,626 रुपये पहुंचने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 9.8 प्रतिशत अधिक है। खास बात यह है कि यह राष्ट्रीय औसत से करीब 64,051 रुपये अधिक है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस वृद्धि के पीछे पर्यटन, व्यापार, परिवहन और सेवा क्षेत्र का विस्तार प्रमुख कारण है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा उपायों ने भी आर्थिक मजबूती में योगदान दिया है।


प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र (तृतीयक क्षेत्र) का योगदान सबसे अधिक 46.3 प्रतिशत है। इसके अलावा विनिर्माण और उद्योग (द्वितीयक क्षेत्र) का योगदान 39.4 प्रतिशत तथा कृषि व संबद्ध क्षेत्र (प्राथमिक क्षेत्र) का योगदान 14.3 प्रतिशत आंका गया है।
आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में उद्योग क्षेत्र का अनुमानित मूल्य 94,381 करोड़ रुपये रहने की संभावना है। इसमें बिजली, निर्माण और विनिर्माण क्षेत्रों का अहम योगदान रहेगा। वहीं, पर्यटन क्षेत्र से भी आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है, जिसका योगदान करीब 7.77 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
राज्य सरकार के अनुसार, चालू वित्त वर्ष के अंत तक बिजली की बिक्री से करीब 1,900 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि वर्ष 2025-26 में राज्य की कुल आर्थिक उत्पादन क्षमता (GSDP) लगभग 2.54 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं और जलवायु चुनौतियों के बावजूद यह प्रदर्शन राज्य की मजबूत आर्थिक गतिविधियों को दर्शाता है।
साथ ही मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और इस दिशा में कड़े कानून लागू किए गए हैं।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News