हिमाचल में पेट्रोल-डीजल होंगे महंगे, अनाथ और विधवा सेस लगाने की तैयारी

IMG_20251207_105330
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने जा रही है। सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने अनाथ बच्चों और विधवाओं के कल्याण के लिए एक नया सेस लगाने का प्रस्ताव विधानसभा में पेश किया है।

इस प्रस्ताव के तहत पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर अधिकतम 5 रुपये प्रति लीटर तक ‘अनाथ और विधवा सेस’ लगाया जा सकता है।
शुक्रवार को विधानसभा में सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश मूल्य परिवर्धित कर संशोधन विधेयक 2026 पेश किया गया। इस विधेयक के माध्यम से राज्य के वैट कानून में संशोधन कर पेट्रोल और डीजल की पहली बिक्री पर यह सेस लगाने का प्रावधान किया गया है।


सरकार का कहना है कि राज्य में पहले से अनाथ बच्चों और विधवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन इनके लिए एक स्थायी और नियमित फंड की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से यह नया सेस प्रस्तावित किया गया है।
विधेयक के अनुसार, इस सेस से जुटाई गई राशि को सीधे ‘अनाथ और विधवा वेलफेयर फंड’ में जमा किया जाएगा। इस फंड के माध्यम से जरूरतमंद लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाया जा सके।
विधेयक के पारित होने के बाद इसे राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद यह कानून लागू हो जाएगा और प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर इसका सीधा असर देखने को मिलेगा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News