शिमला पुलिस का बड़ा एक्शन: 10 बीघा में उगाई गई अवैध भांग की खेती नष्ट, करीब 10 लाख पौधे किए गए नष्ट

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, चौपाल शिमला

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने चोपाल उपमंडल के कोफरधार (नगाह) क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध भांग की बड़े पैमाने पर की जा रही खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 10 बीघा भूमि पर उगाई गई अवैध भांग की फसल को नष्ट कर दिया।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस क्षेत्र में लगभग 10 लाख भांग के पौधे लगाए गए थे।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई 2026 को पुलिस थाना नेरवा की टीम गश्त के दौरान कोफरधार (नगाह) क्षेत्र पहुंची। जांच के दौरान लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध रूप से भांग की खेती पाई गई। इसके बाद मौके पर राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।


निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एक बिस्वा भूमि में लगभग 5,000 भांग के पौधे लगे हुए थे। इसी आधार पर पूरे 10 बीघा क्षेत्र में करीब 10 लाख पौधों की अवैध खेती होने का अनुमान लगाया गया।
कानूनी प्रक्रिया के तहत विभिन्न स्थानों से 40 भांग के पौधों के नमूने कब्जे में लिए गए। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शेष पूरी अवैध फसल को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।
इस मामले में पुलिस थाना नेरवा में अभियोग संख्या 34/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 61 एवं 85 के अंतर्गत अज्ञात व्यक्ति/व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अवैध भांग की खेती करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News