एप्पल न्यूज़,रामपुर बुशहर,
बाल विकास परियोजना रामपुर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में 3 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 10 आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए 27 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे उपमंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय, रामपुर में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी शशि ठाकुर ने बताया कि इच्छुक महिला अभ्यर्थी 22 अगस्त 2026 सायं 5 बजे तक सादे कागज पर आवेदन पत्र के साथ आवश्यक प्रमाण-पत्रों की स्वयं सत्यापित प्रतियां बाल विकास परियोजना अधिकारी, रामपुर कार्यालय में जमा करवा सकती हैं। साक्षात्कार के समय सभी मूल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद कुर्ग (रंगोरी पंचायत), दरकाली (दरकाली पंचायत) और निरथ (निरथ पंचायत) में भरे जाएंगे। वहीं आंगनवाड़ी सहायिका के पद जोगनी, मशनू, नैनी, दरकाली, रडोली, मसारना, भडोग, रुनसेरी, भद्राश और मझाली आंगनवाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे।
इन पदों के लिए केवल संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के पोषक क्षेत्र की सामान्य निवासी महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी। अभ्यर्थी का नाम संबंधित केंद्र के सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना आवश्यक है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 निर्धारित की गई है तथा 22 अगस्त 2026 को आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसके लिए सक्षम राजस्व अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र अनिवार्य होगा।
सरकार के निर्धारित मानदंडों के अनुसार उच्च शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांग, विधवा, तलाकशुदा, निराश्रित तथा अन्य पात्र श्रेणियों की महिलाओं को वरीयता दी जाएगी। चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को 10,500 रुपये तथा आंगनवाड़ी सहायिका को 5,800 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।






