एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने बुधवार को विधानसभा सचिवालय के मुख्य समिति कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मॉनसून सत्र का शुभारंभ 21 अगस्त को सुबह 11 बजे होगा। सत्र के पहले दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय विजेन्द्र सिंह और राम चन्द भाटिया के प्रति शोकोद्गार किया जाएगा। सत्र में कुल 10 बैठकें होंगी।
अध्यक्ष ने बताया कि 27 अगस्त को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बजट सत्र के दौरान विधानसभा की 16 बैठकें पहले ही आयोजित हो चुकी हैं।

1036 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त
पठानियां ने बताया कि मॉनसून सत्र के लिए विधायकों से प्रश्नों से संबंधित कुल 1036 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 787 तारांकित और 249 अतारांकित प्रश्न हैं। सभी सूचनाएं ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई हैं और नियमानुसार आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को भेज दी गई हैं। प्रश्नों से संबंधित सूचनाएं भेजने की समय-सीमा 18 अगस्त को शाम 5 बजे समाप्त हो चुकी है।
इसके अलावा नियम 62 के तहत 13, नियम 63 के तहत 2, नियम 101 के तहत 5 और नियम 130 के तहत 15 सूचनाएं भी सदस्यों से प्राप्त हुई हैं, जिन्हें सरकार को भेज दिया गया है।
आपदा, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य प्रमुख मुद्दे
अध्यक्ष के अनुसार विधायकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों में प्रदेश में हाल में हुई भारी वर्षा और प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न स्थिति, आपदा से निपटने के लिए सरकार के प्रयास तथा केंद्र से सहायता राशि से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं।
इसके अलावा बाढ़, सड़कों और पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर, स्कूलों का विलय, महाविद्यालयों, स्कूलों एवं स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन तथा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने से संबंधित प्रश्न भी शामिल हैं।
विधायकों ने पर्यटन, उद्यान, पेयजल आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते अपराध और परिवहन व्यवस्था जैसे मुद्दों को भी प्रश्नों के माध्यम से उठाया है। साथ ही, सदस्यों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय एवं प्रमुख जनहित के मुद्दों को भी सदन के समक्ष लाने की तैयारी की है।
सदन सुचारू चलाने के लिए सर्वदलीय बैठक
पठानियां ने कहा कि विधानसभा सत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए 20 अगस्त को शाम 4:30 बजे दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई गई है। बैठक में संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां तथा भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक सुखराम चौधरी शामिल होंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से सदन के संचालन में रचनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा के बहुमूल्य समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा के लिए होना चाहिए।










