एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की एकमुश्त छूट दिए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) ने भर्ती प्रक्रिया में संशोधन करते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है।
आयोग द्वारा सोमवार को जारी एडेंडम के अनुसार यह संशोधन विज्ञापन संख्या 57-7/2026 और 58-7/2026 के तहत निकाली गई पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) भर्ती पर लागू होगा। यह निर्णय प्रदेश सरकार के गृह विभाग द्वारा 30 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुरूप लिया गया है, जिसमें सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों को एक बार के लिए अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की छूट प्रदान की गई है।
एचपीपीएससी ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ही ऑनलाइन आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। उनके पूर्व में जमा किए गए आवेदन ही वैध रहेंगे। वहीं, जो अभ्यर्थी अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे या आयु सीमा के कारण पात्र नहीं थे और अब एक वर्ष की छूट मिलने के बाद पात्र हो गए हैं, वे 21 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और उन्हें स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा।
आवेदन की समय-सीमा बढ़ने और आयु सीमा में छूट मिलने से अधिक संख्या में योग्य युवाओं को हिमाचल प्रदेश पुलिस में सेवा का अवसर मिलने की उम्मीद है।






