सभी प्रदेशवासियों को.jpg
previous arrow
next arrow

गानवी–क्याओ–कूट–किन्फी सड़क अस्थायी रूप से बहाल, छोटे वाहनों के लिए सीमित आवागमन की अनुमति

8.6.26 SJVN CORP AD HINDI
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, रामपुर/किन्नौर

गानवी–क्याओ–कूट–किन्फी सड़क को गानवी खड्ड के ऊपर 11 पंक्तियों में कुल 22 आर.सी.सी. ह्यूम पाइप स्थापित कर अस्थायी रूपसे बहाल कर दिया गया है। इसके बाद छोटी गाड़ियों के लिए अस्थायी मार्ग खोल दिया गया है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह मार्ग नियमित यातायात के लिए निर्मित नहीं है और इसका इस्तेमाल बेहद सीमित परिस्थितियों में ही किया जाना चाहिए।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, अस्थायी मार्ग का निर्माण मुख्य रूप से गानवी साइड वाले एबटमेंट के निर्माण कार्य के लिए आवश्यक सामग्री को साइट तक पहुंचाने तथा निर्माण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से किया गया है। इसलिए इसे स्थायी अथवा नियमित यातायात मार्ग नहीं माना जाए।


विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों को निर्देश दिए हैं कि इस अस्थायी मार्ग पर LMV (हल्के मोटर वाहन) का आवागमन केवल अत्यंत आवश्यक अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में ही करें। ऐसा आवागमन वाहन मालिक या चालक के अपने जोखिम पर होगा। सामान्य परिस्थितियों में किसी भी वाहन को अनावश्यक रूप से इस मार्ग से ले जाने से बचने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा की दृष्टि से विभाग ने यह भी कहा है कि अस्थायी मार्ग का उपयोग केवल दिन के समय किया जाए। इसके अलावा कोई भी वाहन अपनी निर्धारित भार-वहन क्षमता के 50 प्रतिशत से अधिक भार के साथ इस मार्ग पर संचालित न किया जाए।


लोक निर्माण विभाग ने विशेष रूप से स्पष्ट किया है कि बसों और ट्रकों का नियमित आवागमन इस अस्थायी मार्ग से सुरक्षित नहीं है। भारी वाहनों एवं बसों के लिए नियमित और सुरक्षित यातायात की सुविधा दोनों एबटमेंट के निर्माण कार्य पूरे होने तथा उन पर बैली ब्रिज लॉन्च किए जाने के बाद ही संभव हो सकेगी।
विभाग ने सभी वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि अस्थायी मार्ग की सीमित क्षमता और निर्माण कार्य की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। लोगों से आग्रह किया गया है कि इस मार्ग का उपयोग केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा जान-माल के नुकसान की स्थिति उत्पन्न न हो।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News