जिला व तालुका न्यायालयों में कम खर्च में निपटेंगे मामले, कुल्लू में मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान शुरू 

एप्पल न्यूज़, कुल्लू

लोगों को लंबे समय से चले आ रहे विवादों से राहत दिलाने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कुल्लू में मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान जिला एवं तालुका न्यायालयों में कम खर्च में मामलों के निपटारे को बढ़ावा देगा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल तिवारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता को विवादों के वैकल्पिक समाधान की ओर प्रेरित करना तथा लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करना है। इसके तहत ऐसे मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा, जिनमें पक्षकार आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत पारिवारिक विवाद, संपत्ति विवाद, मोटर वाहन दुर्घटना से संबंधित मामले, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, समझौता योग्य आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद तथा ऋण वसूली से जुड़े मामलों को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त विभाजन एवं बेदखली के मुकदमों, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य उपयुक्त नागरिक मामलों को भी मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।विशाल तिवारी ने बताया कि मध्यस्थता की प्रक्रिया गोपनीय, त्वरित और कम खर्चीली होती है। इसमें दोनों पक्ष एक प्रशिक्षित मध्यस्थ की सहायता से आपसी सहमति के आधार पर विवाद का समाधान कर सकते हैं।उन्होंने आम लोगों से अपील की है  कि वे अपने लंबित विवादों के शीघ्र समाधान के लिए मध्यस्थता का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जब तक सभी लंबित मामलों का समाधान नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान जारी रहेगा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News