शिमला ढाण्डा में कार का शीशा तोड़कर 15 लाख का सामान चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

एप्पल न्यूज़, शिमला

पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा सामान बरामद करने के साथ वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को अभियोग संख्या 192/2026 धारा 305 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 19 सितंबर को उसने अपनी गाड़ी ढाण्डा के ऊपर सड़क किनारे पार्क की थी। अगले दिन सुबह गाड़ी के पिछले बाएं दरवाजे का शीशा टूटा मिला। गाड़ी के अंदर रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, घड़ी सहित करीब 15 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी पाया गया।


मामले की जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर को लेख राज (38), निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी, को IGMC शिमला के समीप से गिरफ्तार किया।
इसके बाद 27 सितंबर को दूसरे आरोपी जोध सिंह (29), निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी, को सुंदरनगर, मंडी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है तथा आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News