एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन 23 से 25 सितंबर तक किया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की पुरुष वॉलीबॉल टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 सितंबर को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के दौरान खेले गए मुकाबलों में राजकीय महाविद्यालय सीमा ने गौतम कॉलेज हमीरपुर को 2-1 से, राजकीय महाविद्यालय नेरवा ने राजकीय महाविद्यालय चंबा को 3-0 से, राजकीय महाविद्यालय ऊना ने राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर, सावड़ा को 3-0 से तथा पीजी सेंटर शिमला ने राजकीय महाविद्यालय रामपुर को 3-1 से पराजित किया।

सेमीफाइनल में राजकीय महाविद्यालय ऊना ने पीजी सेंटर शिमला को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में राजकीय महाविद्यालय नेरवा ने राजकीय महाविद्यालय सीमा को 3-1 से हराया।
तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय सीमा ने पीजी सेंटर शिमला को 3-0 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया।
फाइनल मुकाबला राजकीय महाविद्यालय ऊना और राजकीय महाविद्यालय नेरवा के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में ऊना कॉलेज ने नेरवा कॉलेज को 3-1 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। नेरवा कॉलेज उपविजेता रहा, जबकि राजकीय महाविद्यालय सीमा ने तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक डॉ. रमेश चौहान, डॉ. शमशेर, असिस्टेंट डायरेक्टर यूथ एंड अफेयर्स, विश्वविद्यालय, महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. जी.आर. ठाकुर, सहायक आयुक्त-सह-खंड विकास अधिकारी रामपुर अंकुश कुमार तथा पीटीए सदस्य लोक राज मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन सचिव डॉ. विद्या बंधु नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डॉ. नेगी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय राज्य खेल परिषद के उपाध्यक्ष भी हैं। उनके समन्वय तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के जुगराज, असिस्टेंट इन फिजिकल एजुकेशन, के सहयोग से प्रतियोगिता का संचालन सुचारू रूप से किया गया।
समापन समारोह 25 सितंबर को आयोजित हुआ, जिसमें एसडीएम रामपुर हर्ष अमरिंदर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को सम्मानित किया। महाविद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।



