रामपुर बुशहर में मुख्यमंत्री के 28 सितंबर के दौरे की तैयारियां पूरी, काशा पाठ में होगा रात्रि विश्राम

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

ब्लॉक कांग्रेस रामपुर बुशहर की विशेष बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के 28 सितंबर को प्रस्तावित रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंदलाल ने की। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत किया।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ग्राम पंचायत काशा पाठ में रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री का ग्रामीण क्षेत्र में रात्रि विश्राम क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सरकार के समक्ष रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।


दौरे की तैयारियों को लेकर विधायक नंदलाल की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। इसमें एसडीएम रामपुर, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पानी, बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरा करने तथा सभी विभागों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस की ओर से क्षेत्र के विकास से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर एक मांग पत्र तैयार करने की जानकारी भी दी गई। इसमें सड़क एवं यातायात सुविधाओं, स्वास्थ्य संस्थानों के सुदृढ़ीकरण, पर्यटन, शिक्षण संस्थानों तथा रोजगार के अवसरों से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया है। इन मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।


विधायक नंदलाल ने कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बुशहर की परंपरा अतिथि सत्कार की रही है और मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इसमें कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों, जोन प्रभारियों और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों से तैयारियों में जुटने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर और पंचायतों से जुड़ी मुख्य एवं लंबित मांगों को ग्रामीण सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि रामपुर के विकास से जुड़े कार्यों में वह जनता के साथ खड़े हैं।
बैठक के समापन पर ब्लॉक कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज करने और कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News