पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकाले शव; प्रशासन ने परिजनों को दी 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत
एप्पल न्यूज़, सुन्नी शिमला
शिमला ग्रामीण के सुन्नी उपमंडल के तहत राजस्व गांव बेरटी के हाजल क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक गुम्मा क्षेत्र के रहने वाले थे।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर एचपी-52-0277 है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उत्तम (44), पुत्र मघनी राम, निवासी बाली गुम्मा तथा यशपाल (37), पुत्र नारायण, निवासी गुम्मा, तहसील शिमला के रूप में हुई है।
कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकाले शव
हादसे की सूचना मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। शवों को सुन्नी अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों को 25-25 हजार रुपये की राहत
हादसे के बाद प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
सुन्नी थाना प्रभारी दिलू राम शर्मा ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। मामले की जांच एएसआई चमन लाल कर रहे हैं।




