बीबीएमबी से हक की लड़ाई में मिली सफलता रहेगी समारोह का मुख्य आकर्षण, दोसड़का पुलिस मैदान में जुटेंगे हजारों लोग
एप्पल न्यूज़, शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपने चार साल के कार्यकाल का जश्न इस बार आर्थिक उपलब्धियों और प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में मिली सफलताओं के नाम करेगी। इसके लिए 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर के दोसड़का पुलिस मैदान में राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। सरकार ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
समारोह का मुख्य केंद्र प्रदेश के आर्थिक हितों को लेकर सरकार की ओर से उठाए गए कदम और विभिन्न मामलों में मिली सफलताएं रहेंगी। इनमें भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से जुड़े दशकों पुराने बिजली विवाद में सुप्रीम कोर्ट से मिली जीत को प्रमुखता से पेश किया जाएगा। अदालत के फैसले से हिमाचल को 20 वर्षों में 11,973 मिलियन यूनिट बिजली मिलने का रास्ता साफ हुआ है। मुख्यमंत्री के आकलन के अनुसार इससे प्रदेश को सालाना 500 से 1,000 करोड़ रुपये तक का आर्थिक लाभ मिल सकता है।
इसके अलावा कड़छम-वांगतू जलविद्युत परियोजना में रॉयल्टी 12 से बढ़ाकर 18 प्रतिशत करवाना भी सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। इससे प्रदेश को करीब 150 करोड़ रुपये सालाना अतिरिक्त आय होने की संभावना है।
वाइल्ड फ्लावर हॉल और किशाऊ बांध पर भी रहेगा फोकस
वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल से जुड़े करीब 23 साल पुराने विवाद का समाधान कर प्रदेश को 401 करोड़ रुपये मिलना भी सरकार की बड़ी आर्थिक सफलता के रूप में सामने आया है। वहीं, होटल के संचालन को लेकर हुए नए समझौते से अगले 35 वर्षों में करीब 2,000 करोड़ रुपये की आय का अनुमान है। किशाऊ बांध परियोजना से भी प्रदेश को भविष्य में बड़े आर्थिक लाभ की उम्मीद है।
सरकार का प्रयास है कि जलविद्युत परियोजनाओं, पर्यटन और प्राकृतिक संसाधनों से होने वाली आय को प्रदेश की आर्थिक मजबूती का आधार बनाया जाए।
सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के फैसले भी गिनाएगी सरकार
आर्थिक उपलब्धियों के साथ सरकार पुरानी पेंशन योजना की बहाली, महिलाओं को आर्थिक सहायता, दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने जैसे फैसलों को भी अपनी चार साल की उपलब्धियों के तौर पर जनता के सामने रखेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने और वर्ष 2032 तक देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में चार साल का यह समारोह सरकार के लिए अपनी नीतियों, फैसलों और भविष्य के विजन को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
विधायकों ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धियों का साल
मंडी में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के कुशल नेतृत्व में ही बीबीएमबी के खिलाफ हिमाचल की लंबी कानूनी लड़ाई निर्णायक मुकाम तक पहुंची है। किशाऊ परियोजना, वाइल्ड फ्लावर हॉल और बिजली परियोजनाओं से जुड़े फैसले प्रदेश के खजाने में हजारों करोड़ रुपये जुटाने का आधार बनेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा और कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में फिर सत्ता में लौटेगी।
वहीं, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि सरकार के चार साल पूरे होने का राज्यस्तरीय समारोह हमीरपुर में आयोजित होना जिला के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश के हितों और विकास को प्राथमिकता दी है। दोसड़का में होने वाला समारोह सरकार की चार साल की विकास यात्रा और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का अवसर बनेगा।










