जी.बी. पंत महाविद्यालय और सारयान विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में होगा दो दिवसीय सम्मेलन, शोधार्थियों को मिलेगा शोध प्रस्तुत करने का अवसर
रामपुर बुशहर, 13 नवंबर। जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में 17 और 18 नवंबर, 2026 को WILDE Student Conference 2026 का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस सम्मेलन का आयोजन महाविद्यालय और सारयान विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारतीय हिमालयी क्षेत्र के प्राकृतिक परिदृश्य, जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा विशेषज्ञों के बीच विचारों का आदान-प्रदान करना है।

सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने, पोस्टर प्रदर्शित करने तथा अनुभवी वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा स्नातकोत्तर और पीएचडी में प्रवेश तथा शोध के विभिन्न अवसरों की जानकारी देने के लिए विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में QGIS, R, फील्ड एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) और साइंस कम्युनिकेशन सहित विभिन्न विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी। प्रत्येक कार्यशाला में 20 प्रतिभागियों के लिए स्थान निर्धारित किया गया है।
इच्छुक विद्यार्थी और शोधार्थी सम्मेलन में भाग लेने तथा अपने शोध-सार (Abstract) प्रस्तुत करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://wilde.saryanfoundation.org/#registration पर पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए saryanfoundation@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने सभी प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों से सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा इसे सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन संस्थान की शैक्षणिक पहचान और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह सम्मेलन विद्यार्थियों और शोधार्थियों को हिमालयी पर्यावरण, जैव विविधता और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसरों एवं अनुभवों से जोड़ने के साथ-साथ रामपुर महाविद्यालय की शैक्षणिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।










