एप्पल न्यूज़, आनी कुल्लू
जिला कुल्लू में आनी के प्राचीन एवं ऐतिहासिक शमशरी महादेव मंदिर में मकर संक्रांति पर देववाणी एवं धार्मिक आयोजन में सैकड़ों लोग शामिल हुए। मकर संक्रांति पर्व पर देवता के गूर ने नववर्ष की भविष्यवाणी की। इसमें बताया गया कि साल 2020 में देवी-देवताओं के आशीर्वाद से अधिक फसल, सुख शांति, सुख समृद्धि होगी।
आउटर सराज क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों के प्रति क्षेत्र की जनता की आस्था बढे़गी। देवता गूर ने कहा कि भाईचारे व देश प्रेम से भारत दुनिया में अपनी पहचान बनाएगा। देवता के 14 सियानों कारदारों, कमेटी सदस्यों ने नए साल की योजना सूची भी तैयार की है, जिसमें देवता शमशरी महादेव के होने वाले मेलों, त्योहारों पर चर्चा की गई।
अब आगामी पंद्रह दिनों तक मन्दिर में कोई भी धार्मिक कामकाज नहीं होगा । पन्द्रह दिन के बाद देवता स्वर्ग यात्रा से अपने मंदिरों में लौटेंगे ।
मकर संक्रांति पर्व पर आनी के खेगसू माता मंदिर,बूढ़ी नागिन, बाड़ी दुर्गा माता मंदिर, शैलपुत्री माता मंदिर, कुइंर देवता मंदिर सहित सभी मंदिरों में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी रही। दिन को करीब 12 बजे तक मंदिरों में पांव धरने के लिए जगह तक नहीं थी। शाम के समय लोगों की भीड़ कम हुई।