CM सुक्खू ने पूछा, महाराष्ट्र में “समोसे” की राजनीति हो रही या विकास की..!

एप्पल न्यूज, मुंबई/शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुंबई में कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने विकसित भारत सोच की आधारशिला रखी है।

यह पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सोच है, जिन्होंने देशहित में नीतियाँ बनाईं जिनके कारण आज भारत विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा “जब मैं महाराष्ट्र कांग्रेस कार्यालय पहुंचा तो कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मुझे समोसा ऑफर किया। फिर मैंने पूछा कि यहां जो राजनीति हो रही है, वह समोसे पर है या विकास पर, महिलाओं के सम्मान पर ?

सच हमेशा झूठ का सामना करता है, लेकिन अंत में जीत सच की ही होती है। महाराष्ट्र की तरह ही हिमाचल प्रदेश में भी राज्यसभा चुनाव के दौरान ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाया गया।”

सुक्खू ने कहा कि जब से भाजपा का ऑपरेशन लोट्स हिमाचल प्रदेश में फेल हुआ है, तब से प्रदेश को बदनाम करने की कोशिशें की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ऑपरेशन लोट्स का युद्ध की तरह सामना किया। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई और फिर से कांग्रेस के विधायकों की संख्या फिर से चालीस हो गई है।

इसीलिए हिमाचल प्रदेश के विरुद्ध दुष्प्रचार किया जा रहा है और प्रधानमंत्री भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता को तय करना है, धनबल से कांग्रेस सरकारों को गिराने के षडयंत्र से क्या लोकतंत्र मज़बूत हो रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार वर्ष 2027 तक हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर और वर्ष 2032 तक देश के सबसे समृद्ध राज्य बनाने के प्रयास कर रही है। इसके लिए नीतिगत बदलाव किया जा रहा ताकि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने दो साल से कम अवधि में पाँच गारंटियों को पूरा कर दिया है। पहली ही कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन स्कीम लागू की, पहली कक्षा से सरकारी स्कूलों में इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई शुरू हो चुकी है।

18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह पेंशन प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहाँ पर 27 वर्ष तक अनाथ बच्चों की देखभाल का दायित्व राज्य सरकार कर रही है, जिसके लिए एक क़ानून बनाया गया है।

इसके साथ ही विधवा एवं एकल महिलाओं के बच्चों की शिक्षा का खर्च भी राज्य सरकार उठा रही है। दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य देने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है।

कांग्रेस सरकार ने गाय के दूध का रेट 32 से बढ़ाकर 45 रूपये और भैंस के दूध का रेट 47 से बढ़ाकर 55 रूपये किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा जो कहती है, वह करती है।

हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार गारंटियों से आगे बढ़कर काम कर रही है क्योंकि वंचित वर्ग की मदद करने का दायित्व भी राज्य सरकार का होता है। 

Share from A4appleNews:

Next Post

शिक्षा मंत्री ने किया चौपाल के GSSS चनैर के मेहर सिंह चौहान ब्लॉक का लोकार्पण

Sat Nov 9 , 2024
गुणात्मक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर दिया जा रहा बल – शिक्षा मंत्री एप्पल न्यूज, चौपाल शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने चौपाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनैर के नवनिर्मित विद्यालय ब्लॉक का लोकार्पण किया। नवनिर्मित मेहर सिंह चौहान ब्लॉक का निर्माण पूर्व विधायक ठियोग विधानसभा क्षेत्र मेहर […]

You May Like

Breaking News