एप्पल न्यूज, शिमला
भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) का आयोजन 30 जून से 10 जुलाई 2025 तक किया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय, शिमला की निदेशक कर्नल पुष्विंदर कौर ने यह जानकारी दी।
यह परीक्षा शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिलों के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।

परीक्षा के लिए हि.प्र. कॉलेज एजुकेशन (शिमला), ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज (सोलन) और महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी (बद्दी) को परीक्षा केंद्रों के रूप में निर्धारित किया गया है।
परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग दिनांक और समय से संबंधित सभी जानकारियां अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में उल्लिखित हैं।
एडमिट कार्ड हुए जारी
अग्निवीर जी.डी. (जनरल ड्यूटी) श्रेणी के लिए एडमिट कार्ड 16 जून से डाउनलोड के लिए उपलब्ध हैं, जबकि अन्य ट्रेड्स (तकनीकी, क्लर्क, ट्रेड्समैन आदि) के लिए 18 जून से डाउनलोड की सुविधा प्रारंभ हो गई है।
अभ्यर्थी अपने यूज़र आईडी और पासवर्ड की मदद से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर लॉगिन करके “Download CEE Admit Card” विकल्प से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
JIA रोल नंबर, जो कि अभ्यर्थी की भुगतान रसीद पर अंकित होता है, एडमिट कार्ड डाउनलोड करते समय आवश्यक है।
यदि रसीद खो गई हो, तो अभ्यर्थी वेबसाइट के “History of Application” सेक्शन में जाकर इसे पुनः प्राप्त कर सकते हैं।
परीक्षा में दस्तावेज अनिवार्य
परीक्षा के दिन सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे। यह दस्तावेज उनकी पहचान सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक हैं।
समय पर पहुंचने की अपील
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे परीक्षा के दिन समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें।







