file_0000000034e482078c2661b357b797a7
previous arrow
next arrow
1009758965
previous arrow
next arrow

BJP विधायक जवाहर ठाकुर के खिलाफ कांग्रेस ने की चुनाव आयोग से शिकायत, प्रतिभा सिंह पर दिया बयान महिलाओं का अपमान, EC करे सख्त कार्रवाई

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला
प्रदेश के मंडी जिला के द्रंग से भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह पर दिए व्यक्तिगत और विवादास्पद बयान से हिमाचल की सियासत में भूचाल आ गया है। भाजपा विधायक ने यह बयान खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में भरी सभा में खुले मंच से दिया।

कांग्रेस ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है और चुनाव आयोग से इसकी शिकायत कर भाजपा नेता और विधायक जवाहर ठाकुर पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
कांग्रेस लीगल सैल के महासचिव प्रणय प्रताप सिंह ने स्वयं राज्य निर्वाचन अधिकारी से मिलकर भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर की शिकायत की है। जिसमें साफ कहा गया है कि जवाहर ठाकुर ने मंच से एक प्रत्याशी के तौर पर पूर्व सांसद और कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के खिलाफ अपमानजनक बयान दिया है जिससे उनका व्यक्तिगत ही नहीं बल्कि समस्त नारी जाति का अपमान भी होता है।

उनकी भाषा बेहद अभद्र थी और एक संवैधानिक पद पर बैठे एक जिम्मेदार विधायक से इस तरह की भाषा और गैर जिम्मेदार बयान की कतई उम्मीद नहीं कि जा सकती। ये ओछी और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने और चुनाव में लाभ लेने की घटिया मानसिकता दर्शाती है। जवाहर ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी की भावनाओं को आहत किया है और साथ ही महिलाओं को अक्षम और लाचार बताकर उनका अपमान भी किया है।
प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर ने मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के सेक्शन 3.8.2 की खुले तौर पर उल्लंघना की है। ऐसे में उन पर सख्त कार्रवाई की जाए और उनके चुनाव प्रचार पर तुरन्त प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाए।

जानें भाजपा MLA जवाहर ठाकुर ने प्रतिभा सिंह को लेकर क्या कहा था….

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के द्रंग विधानसभा से भाजपा विधायक जवाहर सिंह ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी और बुशहर रियासत की राजमाता प्रतिभा सिंह को लेकर एक जनसभा में मंच से कहा कि “हमारी माताएं बहनें… जिनका पति इस सृष्टि में नहीं रहता है… वो कम से कम एक साल तक… मातम मनाती हैं…..अब हमें पता नहीं है… कि राजदरबार के लोग है…. कैसे हैं… वो तो रामपुर बुशहर की रानी हैं…. और हमारी दो बार की सांसद रही हैं….ऐसी क्या आफत आ गई है…. कि सारे नियम छोड़कर ….चुनाव लड़ने के लिए उतरी हैं…. हालांकि ये तो उनकी पार्टी ही जाने…..!” जनसभा के इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया में लगातार वायरल हो रहा जिसकी निंदा की जा रही है।

पिता और पति के खोने का दर्द वही समझते हैं जिन पर बीतती है- विक्रमादित्य सिंह

BJP विधायक जवाहर ठाकुर के इस बयान पर कांग्रेस विधायक और प्रतिभा सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने भी कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सामने ये बयान विधायक ने दिया लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चुप्पी साधे बैठे रहे। ये भाजपा की महिला विरोधी नीति और महिलाओं के प्रति उनकी मानसिकता को दर्शाती है, जो शर्मनाक है।

महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हिमाचल की जनता के हितों की आवाज बनने के लिए अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चलते हुए प्रतिभा सिंह मैदान में उतरी हैं और भाजपा नेता इस तरह अपमान कर रहे हैं, इसका जवाब जनता उपचुनावों में अपने वोट से देगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पिता और पति के खोने का दर्द वही समझते हैं जिन पर बीतती है और स्व वीरभद्र सिंह के खोने का दर्द हमारे परिवार के साथ ही लाखों लोग भी जानते और महसूस करते हैं। विपक्षी नेताओं से ऐसी उम्मीद बिल्कुल भी नहीं थी जो चुनाव के लिए कुछ भी कहने और व्यक्तिगत आक्षेप लगाने से भी गुरेज नहीं करते।

Share from A4appleNews:

Next Post

कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा देने का काम किया पर मोदी ने ज़मीन पर काम किया- टंडन

Sat Oct 23 , 2021
एप्पल न्यूज़, शिमला भाजपा प्रदेश सह प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने केवल गरीबी हटाओ का नारा दिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के लिए ज़मीन पर काम किया। कांग्रेस की नेता इन्दरा गांधी ने 1971 में गरीबी हटाओ का नारा दिया था, पर गरीबी हटाने की कोई […]

You May Like

Breaking News