एप्पल न्यूज, चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश ने एक बार फिर कहर बरपाया है। बीती रात क्षेत्र में बादल फटने की घटना सामने आई, जिससे भारी तबाही हुई है। इस प्राकृतिक आपदा में दो मकान और तीन गौशालाएं पूरी तरह से मलबे में दब गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में 38 भेड़-बकरियां और एक गाय मलबे में दबकर मारी गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार तेज गर्जना के साथ अचानक पानी और मलबा बहता हुआ आया, जिससे लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला।
हालांकि जानमाल की बड़ी हानि नहीं हुई, लेकिन पशुधन और संपत्ति का काफी नुकसान हुआ है।

प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। मौके पर राजस्व विभाग, पुलिस व आपदा प्रबंधन की टीमें पहुंच चुकी हैं। प्रारंभिक आंकलन के मुताबिक नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों की आपदा संवेदनशीलता को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग अब भी भयभीत हैं और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।







