मणिमहेश यात्रा 2026: ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए आधिकारिक वेबसाइट तैयार

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, चम्बा
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर स्थित पवित्र मणिमहेश झील भगवान शिव के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष देशभर से लाखों श्रद्धालु इस कठिन पर्वतीय यात्रा में भाग लेते हैं। वर्ष 2026 की श्री मणिमहेश यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से भरमौर प्रशासन ने यात्रा की आधिकारिक वेबसाइट तैयार कर दी है।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि अब श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट “मणिमहेश यात्रा.एचपी.जीओवी.इन” के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

इसके साथ ही यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां, दिशा-निर्देश, सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं और वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें।
एडीएम भरमौर ने कहा कि मणिमहेश यात्रा दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र से होकर गुजरती है, इसलिए श्रद्धालुओं को अपनी स्वास्थ्य स्थिति का विशेष ध्यान रखना चाहिए। यात्रा पर निकलने से पहले आवश्यक स्वास्थ्य जांच करवा लें तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन का मानना है कि ऑनलाइन पंजीकरण और डिजिटल सूचना व्यवस्था से यात्रा प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करना भी आसान होगा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News