राहुल गांधी बने जनता की आवाज, उनकी आवाज नहीं दबाई जा सकती
एप्पल न्यूज़, शिमला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी तथा अन्य सांसदों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी को हिरासत में लिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रहे हैं, गिरफ्तारियां दे रहे हैं और लगातार आम लोगों की आवाज उठा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वोटों की चोरी के माध्यम से सत्ता हासिल की जा रही है और यह जनता की वास्तविक आवाज नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए आवाज उठाई है और उनकी आवाज को कोई दबा नहीं सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को किसी पद का लालच नहीं है, बल्कि वह संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसी संवैधानिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत देश में लोकतंत्र कायम है और नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री के पद पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के साथ हिमाचल प्रदेश के लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं।
प्रदर्शन के दौरान उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




