चंडीगढ़ से शिमला ला रहे थे हेरोइन की खेप, स्पेशल सेल की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
एप्पल न्यूज, शिमला
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शोघी में एक बस से 14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चंडीगढ़ से चिट्टे की खेप लेकर शिमला की ओर आ रहे थे।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को शिमला पुलिस के स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि आरीफ हुसैन निवासी जम्मू-कश्मीर और नेहा उर्फ सोनू निवासी लोअर कोटी, रोहड़ू एक बस में सवार होकर चंडीगढ़ से भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शिमला आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शोघी में नाकाबंदी कर संबंधित बस को रुकवाया और उसकी तलाशी ली। इस दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने मामले में थाना बालूगंज में FIR संख्या 263/26, दिनांक 28 नवंबर 2026 को धारा 21 व 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।







