सभी प्रदेशवासियों को.jpg
previous arrow
next arrow

भीषण गर्मी से जूझ रहे हिमाचल को राहत, 4 दिन मेहरबान रहेंगे बादल

8.6.26 SJVN CORP AD HINDI
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से आगामी चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11 और 12 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने 11 और 12 जून के लिए शिमला, मंडी, कुल्लू और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका जताई गई है।

विभाग ने किसानों और बागवानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि ओलावृष्टि से फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है।
सोमवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, लेकिन मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में गर्मी का प्रकोप जारी रहा। ऊना में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कांगड़ा में 37.7, सुंदरनगर में 37.5, मंडी में 37.2 और बिलासपुर में करीब 37 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बारिश शुरू होने के बाद तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
बीते 24 घंटों में सराहन में 5.0 मिलीमीटर, भरमौर में 4.0 मिलीमीटर, चंबा में 2.0 मिलीमीटर और छतराड़ी में 1.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। विभाग का अनुमान है कि 13 और 14 जून को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी बारिश न केवल तापमान में गिरावट लाएगी बल्कि जल स्रोतों, कृषि और बागवानी क्षेत्र के लिए भी लाभदायक साबित होगी। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच यह पश्चिमी विक्षोभ प्रदेशवासियों के लिए राहत का संदेश लेकर आया है।

Share from A4appleNews:

Next Post

महिला उद्यमियों को मिला फंडिंग और नेटवर्किंग का मंच, शिमला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Tue Jun 9 , 2026
एप्पल न्यूज़, शिमला जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) शिमला द्वारा महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें वित्तीय एवं विपणन अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से एक दिवसीय फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट तथा उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एनआईटीकॉन लिमिटेड के माध्यम से किया गया, जिसमें […]

You May Like

Breaking News