एप्पल न्यूज़, पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में पुलिसकर्मी राजेश छिन्टा के साथ मारपीट के मामले में गिरफ्तार आरोपी फरमान खान को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।
यह मामला 4 जून 2026 को दर्ज किया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़कर उसके साथ हाथापाई और मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार फरमान खान एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी ठेकेदार के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद मामला चर्चा में आने पर संबंधित कंपनी ने भी उसे अपनी सेवाओं से हटा दिया है।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिक पुलिस थाना पहुंचे थे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






