file_0000000041688207ba39fa13793d26ef
previous arrow
next arrow
IMG-20261121-WA0013
previous arrow
next arrow

किन्नौर में पहली बार दिखा दुर्लभ यूरेशियन सिस्किन पक्षी, हिमाचल में तीसरी बार दर्ज हुई मौजूदगी

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow


रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में पक्षी की मौजूदगी से वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह, मैसूर के पक्षी प्रेमी श्रीकांत आर.जी. ने खींचीं शानदार तस्वीरें
किन्नौर, 26 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के वन्यजीव और पक्षी विविधता के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। किन्नौर जिले के रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में पहली बार दुर्लभ यूरेशियन सिस्किन (Eurasian Siskin) पक्षी की मौजूदगी दर्ज की गई है। इसके साथ ही यह पक्षी हिमाचल प्रदेश में तीसरी बार दस्तावेजीकृत हुआ है।
इस दुर्लभ पक्षी को 25 नवंबर 2026 को मैसूर (कर्नाटक) से आए पक्षी प्रेमी श्रीकांत आर.जी. और हिमाचल प्रदेश के पक्षी प्रेमी अंकुश ठाकुर ने रक्छम क्षेत्र में देखा और अपने कैमरे में कैद किया।
यूरेशियन सिस्किन (Spinus spinus) फिंच परिवार का एक छोटा, आकर्षक और बेहद सक्रिय पक्षी है। इसके नर पक्षी के शरीर पर पीले-हरे रंग की खूबसूरत छटा, सिर पर काला मुकुट और गले के पास काला निशान होता है, जबकि मादा का रंग अपेक्षाकृत हल्का और शरीर पर धारियां होती हैं। यह पक्षी मुख्य रूप से शंकुधारी वनों में पाया जाता है और पेड़ों के बीजों को अपना भोजन बनाता है। यूरोप, उत्तरी एशिया और मध्य एशिया में इसका प्रजनन क्षेत्र है। सर्दियों के दौरान यह दक्षिणी क्षेत्रों की ओर प्रवास करता है। पश्चिमी हिमालय में इसकी मौजूदगी काफी कम और अनियमित मानी जाती है।
हिमाचल में इससे पहले दो बार दर्ज हो चुकी है मौजूदगी
प्रसिद्ध पक्षी विशेषज्ञ डॉ. अभिनव चौधरी के अनुसार हिमाचल प्रदेश में यूरेशियन सिस्किन का पहला रिकॉर्ड 25 जनवरी 1980 को दर्ज किया गया था। उस दौरान मनाली के समीप सोलंग घाटी में 21 पक्षियों का एक झुंड देखा गया था, जिसमें नर पक्षी भी शामिल थे।
इसके बाद 16 नवंबर 2021 को कुल्लू जिले में ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के इकोजोन के अंतर्गत गुशैणी में एक नर यूरेशियन सिस्किन की तस्वीर ली गई थी।
हिमाचल से बाहर इस पक्षी की मौजूदगी लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान सहित पश्चिमी हिमालय के विभिन्न क्षेत्रों में भी दर्ज की गई है। मार्च-अप्रैल 2026 में कश्मीर के पहलगाम में भी इसकी मौजूदगी की सूचना सामने आई थी।
मैसूर के पक्षी प्रेमी के लिए भारत में 1193वीं प्रजाति
इस महत्वपूर्ण खोज में मैसूर, कर्नाटक के पक्षी प्रेमी श्रीकांत आर.जी. और हिमाचल के अंकुश ठाकुर की अहम भूमिका रही।
अंकुश ठाकुर के मुताबिक श्रीकांत आर.जी. अब तक भारत में पक्षियों की 1,192 प्रजातियों का दस्तावेजीकरण कर चुके हैं। रक्छम में यूरेशियन सिस्किन का दिखना उनके लिए भारत में दर्ज की गई 1,193वीं पक्षी प्रजाति बन गया।
श्रीकांत आर.जी. ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि भारत में यूरेशियन सिस्किन को देखना आसान नहीं है। रक्छम में इस पक्षी को अच्छी संख्या में देखना और इसकी शानदार तस्वीरें लेना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
वहीं अंकुश ठाकुर ने कहा कि रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य पक्षी प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहां पक्षियों की विविधता और प्राकृतिक आवास के कारण कई दुर्लभ प्रजातियों को देखने और उनके दस्तावेजीकरण का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि अभयारण्य में नियमित और व्यवस्थित मौसमी निगरानी से भविष्य में कई नई और रोचक पक्षी प्रजातियों के रिकॉर्ड सामने आ सकते हैं।
वन विभाग की टीम ने भी दूसरे दिन दर्ज की मौजूदगी
25 नवंबर को पक्षी प्रेमियों द्वारा दुर्लभ पक्षी को देखे जाने के बाद 26 नवंबर को वन विभाग की वाइल्डलाइफ सांगला टीम ने भी इसकी मौजूदगी दर्ज की।
इस दौरान रक्छम के ब्लॉक फॉरेस्ट ऑफिसर संतोष कुमार ठाकुर और वन मित्र अल्पना नेगी ने रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में यूरेशियन सिस्किन को देखा। दूसरे दिन भी इसकी मौजूदगी दर्ज होने से अभयारण्य में इस प्रजाति के रिकॉर्ड को और मजबूती मिली है।
वरिष्ठ वन अधिकारियों ने टीम को दी बधाई
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर वन्यजीव विभाग की कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (वाइल्डलाइफ), शिमला श्रीमती प्रीति भंडारी, आईएफएस ने पूरी टीम और फील्ड स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से डीसीएफ वाइल्डलाइफ शिमला के अधीन वाइल्डलाइफ रेंज सांगला की टीम के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी और व्यवस्थित फील्ड ऑब्जर्वेशन नई प्रजातियों की मौजूदगी दर्ज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस तरह की उपलब्धियां रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाती हैं। साथ ही क्षेत्र में संरक्षण और जैव विविधता के दस्तावेजीकरण के प्रयासों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता है।
वहीं डीसीएफ वाइल्डलाइफ सराहन अशोक नेगी, आईएफएस ने भी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से आरएफओ वाइल्डलाइफ सांगला और फील्ड टीम के संतोष ठाकुर (बीएफओ रक्छम), गोपाल नेगी (बीएफओ सांगला वाइल्डलाइफ) तथा अल्पना नेगी (वन मित्र) के समर्पित प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने मैसूर के पक्षी प्रेमी श्रीकांत आर.जी. और हिमाचल के अंकुश ठाकुर का भी विशेष आभार जताया, जिनके प्रयासों से इस दुर्लभ पक्षी की मौजूदगी का महत्वपूर्ण रिकॉर्ड सामने आया।
किन्नौर के लिए गौरव का क्षण
रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में यूरेशियन सिस्किन की मौजूदगी दर्ज होना केवल पक्षियों की सूची में एक नई प्रजाति जुड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किन्नौर की समृद्ध प्राकृतिक विरासत और जैव विविधता का भी प्रमाण है।
यह उपलब्धि बताती है कि नियमित फील्ड मॉनिटरिंग, जिम्मेदार बर्ड वॉचिंग, फोटोग्राफिक दस्तावेजीकरण और स्थानीय वन विभाग के कर्मचारियों तथा देशभर से आने वाले पक्षी प्रेमियों के आपसी सहयोग से प्रकृति के कई अनछुए पहलुओं को सामने लाया जा सकता है।
हिमालय का नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र आज भी वन्यजीवों और पक्षियों की अनेक ऐसी प्रजातियों को अपने भीतर समेटे हुए है, जिनके बारे में अभी काफी कुछ जानना बाकी है।
रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य एक बार फिर साबित हुआ है कि यह पक्षियों, पक्षी प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है।
साभार : वन्यजीव विभाग, हिमाचल प्रदेश

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News