ब्लॉक कांग्रेस की मासिक बैठक अनिवार्य, कामकाज की हर तीन माह में होगी ब्लॉक कांग्रेस की मासिक बैठक अनिवार्य, कामकाज की हर 3 माह में होगी समीक्षा- ज़िंटा

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला

प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने सभी ब्लॉक पार्टी प्रभारियों को अपने-अपने ब्लॉकों में नियमित प्रवास करने और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठकों में अनिवार्य रूप से भाग लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रत्येक माह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कम से कम एक बैठक आयोजित करने तथा बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद पदाधिकारियों की उपस्थिति सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन भेजने को कहा है।
ज़िंटा ने कहा कि संगठन में अनुशासन बनाए रखना और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि पीसीसी, जिला और ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारियों के कार्यों की हर तीन माह में समीक्षा की जाएगी।
जारी सर्कुलर के अनुसार, प्रत्येक ब्लॉक में हर महीने के पहले सप्ताह या अधिकतम 10 दिनों के भीतर बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें पार्टी नेताओं, संबंधित क्षेत्र के विधायक, पूर्व विधायक, अग्रणी संगठनों तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक की रिपोर्ट का मूल्यांकन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष स्वयं करेंगे, जिसके बाद इसे केंद्रीय नेतृत्व को भी भेजा जाएगा।
इसके अलावा, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सभी ब्लॉकों के कामकाज की निगरानी के लिए एक विशेष मॉनिटरिंग सेल भी स्थापित किया जाएगा, जो समय-समय पर ब्लॉक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेगा।
अजय सोलंकी बने पांवटा साहिब के लिए कांग्रेस पर्यवेक्षक
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने नाहन के विधायक अजय सोलंकी को तत्काल प्रभाव से नगर परिषद पांवटा साहिब के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के गठन के लिए पार्टी पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अजय सोलंकी चुनाव प्रक्रिया के समन्वय और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के अनुरूप नगर परिषद के नेतृत्व के सफल गठन की जिम्मेदारी निभाएंगे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News