तकलेच में जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हिमाचल सरकार- रोहित ठाकुर

विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर लें भाग

एप्पल न्यूज़, तकलेच/रामपुर बुशहर

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। समापन समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में 20 ब्लॉकों के लगभग 692 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें 519 विद्यार्थी सरकारी विद्यालयों तथा 173 विद्यार्थी निजी विद्यालयों से शामिल हुए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और बैडमिंटन में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र में 9 हजार से अधिक नौकरियां प्रदान की हैं। प्रदेश में वर्तमान में 14,663 शिक्षण संस्थान हैं, जहां 65 हजार से अधिक अध्यापक सेवाएं दे रहे हैं और 7 लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर, जो पहले लगभग 5 प्रतिशत थी, आज बढ़कर 99.30 प्रतिशत हो गई है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को आवश्यक अवसर उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है और प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 48 पदक हासिल किए हैं, जिनमें 8 स्वर्ण, 11 रजत और 29 कांस्य पदक शामिल हैं। पिछले सत्र में 22 छात्र खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। प्रदेश में वर्तमान में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल हैं, जहां अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को खेल सामग्री एवं प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। खिलाड़ियों की डाइट मनी भी 120 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये प्रतिदिन की गई है।


शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में बरसात से खेल मैदान और दीवार को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए प्रथम चरण में 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 100 विद्यालयों को सीबीएसई विद्यालय बनाने की योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच को भी शामिल किया जाएगा।
प्रतियोगिता के परिणामों में कबड्डी में नेरवा ब्लॉक ने प्रथम और रोहड़ू ने द्वितीय, वॉलीबॉल में रोहड़ू ने प्रथम और नेरवा ने द्वितीय, खो-खो में रोहड़ू ने प्रथम और मतियाना ने द्वितीय तथा बैडमिंटन में नेरवा ने प्रथम और देहा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शिक्षा मंत्री ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक विद्यालय, अध्यापकों और सहयोगी स्टाफ को भी बधाई दी।


इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समारोह में अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान, सहायक निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय पांटा, जिला परिषद सदस्य रोनी राणा एवं अनुराधा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा, पंचायत समिति उपाध्यक्ष रामपुर सुनील कायथ, निदेशक पर्यटन यशपाल सोनी, एचपीएमसी निदेशक मंडल के सदस्य भूपेश धीमान, कैलाश फेडरेशन निदेशक मंडल के सदस्य त्रिलोक भूलनी तथा ग्राम पंचायत प्रधान सुनील कायथ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News