file_0000000034e482078c2661b357b797a7
previous arrow
next arrow
1009758965
previous arrow
next arrow

ये सरकार बचाने का नहीं, भाजपा को सबक़ सिखाने का चुनाव, राजनितिक मंडी में कांग्रेस के 6 विधायक बिके- सीएम

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज, कांगड़ा शाहपुर

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चंबी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीतिक मंडी में कांग्रेस के छह विधायक बिके हैं और नोटों के दम पर सरकार को गिराने का षड्यंत्र हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण चुनाव नहीं रहे बल्कि ख़रीद-फरोख्त की राजनीति को सबक़ सिखाने का चुनाव है। लोकतंत्र में जनता ही असली ताक़त है और जनता ही धनबल का मुक़ाबला कर सकती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को कोई ख़तरा नहीं है, इसीलिए दो विधायकों को लोकसभा चुनाव में उतारा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चारों लोकसभा सीटें और विधानसभा उपचुनाव की सभी छह सीटें बड़े अंतर से जीतेगी।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चालीस वर्षों की सेवा के कारण पार्टी ने एक आम परिवार से राजनीति में आए व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनकर प्रदेश की सेवा का अवसर प्रदान किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन को बहाल किया गया और सरकारी क्षेत्र में 22 हजार पद पर भर्ती शुरू की गई, जबकि पिछली सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में मात्र 20 हजार सरकारी पद भरे गए।

पिछली सरकार के कार्यकाल में अधिकतर भर्ती अदालती लड़ाई में फँसी रही, जिन्हें कांग्रेस सरकार ने सुलझाया और अब युवाओं को रोज़गार मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपए पेंशन देने की योजना लागू की, लेकिन भाजपा इसे रुकवाने के लिए चुनाव आयोग के पास पहुँच गई।

उन्होंने कहा कि अगर अनुमति मिली तो चौबीस घंटों में महिलाओं को पेंशन के 1500 रुपए उनके खाते में डाले जाएँगे और अगर अनुमति नहीं मिली तो जून में दो किश्तों के 3000 रुपए प्रदान किए जाएँगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अनाथ बच्चों, विधवाओं और बुजुर्गों के कल्याण के लिए योजनाएँ बनाई हैं। गाय के दूध की ख़रीद 45 रुपए और भैंस के दूध की ख़रीद 55 रुपए प्रति लीटर के दाम कर की जा रही है।

प्राकृतिक खेती से उत्पन्न गेहूं को 40 रुपए और मक्की को 30 रुपए प्रति किलो की दर से ख़रीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बने भ्रष्टाचार के दरवाज़ों को बंद करके राज्य सरकार ने 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व कमाया है, जिसे अब योजनाओं के माध्यम से लोगों में बाँटा जा रहा है।

केंद्र में सरकार बनते ही, रद्द करेंगे अग्निवीर योजनाः प्रियंका
मोदी ने पूरी ताक़त के साथ राज्य सरकार को गिराने का प्रयास कियाः प्रियंका
प्रियंका गांधी ने सीएम सुक्खू की जमकर तारीफ़ की

चंबा/चंबी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज काँगड़ा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार आनंद शर्मा के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने चंबा और शाहपुर के चंबी में जनसभाएँ की और कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों का जिताने की अपील की।

प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल देवभूमि और वीरभूमि है, यहां के लोग ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साज़िश के तहत पूरे धनबल के साथ राज्य के ईमानदार लोगों की चुनी हुई ईमानदार सरकार को गिराने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि मोदी को हिमाचल प्रदेश के लोगों से कोई प्यार नहीं है, बल्कि भाजपा नेताओं का एकमात्र मक़सद सभी हथकंडे अपनाकर सत्ता हासिल करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना घर बताते हैं, लेकिन जब राज्य में आपदा आई तो वह एक बार भी हिमाचल प्रदेश नहीं आए और केंद्र की ओर से आपदा प्रभावितों के लिए एक पैसा तक नहीं दिया।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पिछले दस साल में मोदी सरकार ने केवल अपने खरबपति मित्रों को खुश करने की नीतियाँ बनाईं।

कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने के लिए केंद्र सरकार के पास पैसे नहीं हैं, जबकि उन्होंने उद्योगपतियों को 16 लाख करोड़ रुपए के कर्ज़ माफ़ किए और देश के संसाधन उनको सौंपे जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने सेब के कोल्ड स्टोर उद्योगपति मित्रों को सौंप दिए हैं, जो सेब के दाम कंट्रोल कर रहे हैं, जिसके कारण सेब बाग़वानों को सेब के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं। इसके साथ ही सेब पर इंपोर्ट ड्यूटी घटाई, जिससे सेब बाग़बानों को नुकसान हुआ।

कांग्रेस 55 साल तक सत्ता में रही, लेकिन कभी भी जनता के हितों के साथ समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ग़लत नीतियों के कारण महंगाई और बेरोज़गारी बढ़ी है। इन्हीं ग़लत नीतियों का नतीजा अग्निवीर योजना है, जिसमें चार साल बाद युवा बेरोज़गार हो जाता है, उन्हें पेंशन नहीं मिलती और शहादत पर उन्हें कोई आर्थिक मदद भी नहीं दी जाती है।

उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही अग्निवीर योजना को रद्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही वन रैंक-वन पेंशन योजना दी थी।
प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने के बाद महिलाओं को 8500 रुपए प्रति माह और एक साल में एक लाख रुपए दिए जाएँगे। सरकारी क्षेत्र में ख़ाली पड़े 30 लाख पदों को भरा जाएगा और इसमें महिलाओं को 50 फ़ीसदी आरक्षण देंगे।

आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय दोगुना किया जाएगा और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की क़ानूनी गारंटी का अधिकार देंगे। इसके अतिरिक्त किसान की फसल को नुक़सान होने पर 30 दिन में मुआवज़ा प्रदान किया जाएगा, किसानों की क़र्ज़ माफ़ी के लिए आयोग बनाया जाएगा और कृषि उपकरणों पर सीएसटी ख़त्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार राजस्थान की तर्ज पर देश भर में 25 लाख रुपए का फ्री स्वास्थ्य बीमा प्रदान करेगी। शहरी क्षेत्रों में भी मनरेगा का लागू किया जाएगा और ग्रेजुएट युवाओं के लिए एपरेंटिसशिप कार्यक्रम लागू किया जाएगा, जिसके तहत उन्हें प्रति माह 8500 रुपए का भत्ता प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा डबल इंजन सरकार की बात करती थी, लेकिन कांग्रेस डबल सेवा की बात करती है, इसलिए केंद्र में कांग्रेस को सरकार बनाइए। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष में भाजपा सबसे अमीर पार्टी बन गई क्योंकि छापे मारकर चंदा वसूल किया गया।
प्रियंका ने राज्य सरकार की पीठ थपथपाई
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार तमाम मुश्किलों के बावजूद ईमानदारी के साथ लोगों की सेवा करने के लिए दिन-रात काम कर रही है और सभी गारंटियों को पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर नीयत साफ तो कोई भी सरकार अच्छा कर सकती है और कांग्रेस की सरकार ने यह करके दिखाया है। पुरानी पेंशन कर्मचारियों के लिए बहाल की है और 1500 रुपए पेंशन की योजना को भी लागू कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से कटौती कर प्रभावित परिवारों की मदद की। उन्होंने कहा कि सेवा ही कांग्रेस पार्टी की परंपरा है।

उन्होंने कहा कि काँगड़ा लोकसभा क्षेत्र के लोग कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा पर भरोसा कर सकते हैं और उन्हें इस क्षेत्र से विजयी बनाएँ। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सभी वादों को पूरा किया जाएगा।

Share from A4appleNews:

Next Post

हिमाचल पुलिस कर्मियों को वर्दी में वीडियो, रील सोशल मीडिया में पोस्ट करने पर लगी "रोक"

Tue May 28 , 2024
एप्पल न्यूज, शिमला हिमाचल प्रदेश पुलिस ने के जवान अब वर्दी में रील नहीं बना सकेंगे। पुलिस विभाग ने जवानों के वर्दी में फोटो, वीडियो और रील बनाने पर रोक लगा दी है। इस बाबत हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा की ओर से बकायदा सर्कुलर जारी किया गया […]

You May Like

Breaking News