एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
पंचायत समिति ननखरी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन सोमवार को पंचायत समिति कार्यालय ननखरी में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने की।
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कांता देवी को पंचायत समिति ननखरी का अध्यक्ष तथा अमर सिंह को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
इसके उपरांत उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष कांता देवी एवं उपाध्यक्ष अमर सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर पंचायत समिति ननखरी के सभी 15 नव निर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं विधि-सम्मत तरीके से सम्पन्न हुई।
राजनीतिक दृष्टि से इस परिणाम को भाजपा के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। ननखड़ी पंचायत समिति पर भाजपा समर्थित नेतृत्व का कब्जा कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ में उसके बढ़ते जनाधार का संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस जीत ने कांग्रेस को अपनी रणनीति पर नए सिरे से विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है।

गौरतलब है कि इससे पहले रामपुर बुशहर नगर परिषद में भी भाजपा ने पहली बार अध्यक्ष पद पर कब्जा कर कांग्रेस के करीब 70 वर्षों के राजनीतिक वर्चस्व को चुनौती दी थी। अब ननखड़ी बीडीसी में भी भाजपा की जीत को कांग्रेस के मजबूत माने जाने वाले क्षेत्र में बड़ी राजनीतिक सेंध के रूप में देखा जा रहा है।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस बदलाव को क्षेत्र की बदलती राजनीतिक सोच और कांग्रेस नेतृत्व की जनता से बढ़ती दूरी के प्रति मतदाताओं की प्रतिक्रिया के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि इस संबंध में कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






