स्थानीय उद्यम एवं स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारी
एप्पल न्यूज़, नेरवा/चौपाल
चौपाल विकासखंड के स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के सदस्यों के लिए आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) का नेरवा में सफलतापूर्वक समापन हुआ। इसी क्रम में ग्राम पंचायत जोदना में आयोजित तीन दिवसीय EDP का भी समापन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों में उद्यमिता की समझ विकसित करना, वित्तीय साक्षरता बढ़ाना तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के अवसरों से अवगत करवाना रहा।
नेरवा में कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों को खंड वृद्धजन फेडरेशन, चौपाल के अंतर्गत संचालित स्थानीय फूड प्रोसेसिंग स्टार्टअप यूनिट का व्यावहारिक भ्रमण करवाया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने खाद्य प्रसंस्करण, स्थानीय उद्यम के संचालन, व्यवसाय प्रबंधन तथा बाजार की संभावनाओं के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

समापन समारोह में खंड वृद्धजन फेडरेशन, चौपाल के अध्यक्ष शिव लाल शर्मा, सचिव जगत सिंह ठाकुर तथा प्रबंधक मोहर सिंह ठाकुर ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 84 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
वहीं, ग्राम पंचायत जोदना में आयोजित EDP के समापन समारोह में ग्राम पंचायत प्रधान श्रीमती शकुंतला ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए स्वरोजगार, उद्यमिता तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार एवं व्यवसायिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

समापन सत्र में कार्यक्रम समन्वयक मामराज शर्मा ने प्रतिभागियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने परियोजना की योजना तैयार करने, लागत निर्धारण, वित्तीय आवश्यकताओं तथा सरकारी योजनाओं एवं बैंकिंग संस्थानों के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त करने के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना के लिए आवश्यक जानकारी, वित्तीय प्रबंधन, स्थानीय व्यवसायिक अवसरों की पहचान तथा व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं मार्गदर्शन को उपयोगी बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
यह तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम हिमाचल कंसल्टेंसी ऑर्गेनाइजेशन लिमिटेड (HIMCON) द्वारा आयोजित किए गए, जबकि इनका प्रायोजन हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (HPSRLM), ग्रामीण विकास विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समापन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।




