अनुशासनहीनता नहीं, बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों से लगातार गैरहाजिरी बनी कार्रवाई की वजह; कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की मंजूरी के बाद फैसला
एप्पल न्यूज, शिमला।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर बड़ी कार्रवाई से सियासी हलचल मच गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं रजनीश किमटा और मोहिंदर चौहान को प्रदेश उपाध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने दोनों नेताओं को पदमुक्त करने के आदेश जारी किए हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, दोनों पदाधिकारी लंबे समय से पार्टी की महत्वपूर्ण बैठकों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और अन्य आधिकारिक गतिविधियों में लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए मामले पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष और सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अनुशासन समिति की सिफारिश तथा हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की मंजूरी मिलने के बाद दोनों नेताओं को उपाध्यक्ष पद से हटाने का फैसला लिया गया।
विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि संगठन में कोई भी पद केवल सम्मान का प्रतीक नहीं होता, बल्कि उसके साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी जुड़ी होती हैं। प्रत्येक पदाधिकारी से अपेक्षा की जाती है कि वह पार्टी की बैठकों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुशासन के नियम सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं पर समान रूप से लागू होंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस का संविधान बचाओ मार्च आयोजित होने से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई को प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर नेतृत्व के सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर नई राजनीतिक चर्चाओं को भी जन्म दे दिया है।







