एप्पल न्यूज़,
भरमौर। प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा 2026 के तीसरे चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई है। इस चरण में 1 से 5 सितंबर 2026 तक यात्रा करने वाले श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। भरमौर प्रशासन ने प्रत्येक यात्रा दिवस के लिए अधिकतम 5,000 श्रद्धालुओं के पंजीकरण और यात्रा की अनुमति निर्धारित की है। ऐसे में पांच दिनों के दौरान कुल 25,000 श्रद्धालु पंजीकरण कर सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार पंजीकरण स्लॉट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होंगे। निर्धारित संख्या पूरी होने के बाद पंजीकरण बंद कर दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वैध ऑनलाइन पंजीकरण के बिना किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यात्रा के दौरान विभिन्न चेक पोस्ट पर पंजीकरण के सत्यापन के लिए श्रद्धालुओं को अपने ऑनलाइन पंजीकरण/बुकिंग की प्रिंटेड प्रति साथ रखना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लें।
श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण और यात्रा से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए व्हाट्सऐप नंबर 94594-80602 तथा दूरभाष नंबर 01895-225027 पर संपर्क किया जा सकता है।
नियमों का पालन करने की अपील
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान भरमौर प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाए, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
उन्होंने श्रद्धालुओं से केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करने और अफवाहों से बचने का आग्रह किया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करना प्रत्येक यात्री की जिम्मेदारी है।









