एप्पल न्यूज़, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर ने मंगलवार को ओकओवर, शिमला में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत अपनी स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जनगणना के इस महत्वपूर्ण चरण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश के हिमाच्छादित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की कि वे उपलब्ध स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारी सही-सही दर्ज करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश के विकास की योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों की वास्तविक आवश्यकताओं के आकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से 17 से 31 अगस्त, 2026 तक उपलब्ध स्व-गणना सुविधा का उपयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इसके बाद 1 से 30 सितंबर, 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे प्रगणकों को आवश्यक एवं सही विवरण उपलब्ध करवाएं और जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सटीक जनगणना आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर निदेशक, जनगणना कार्य, हिमाचल प्रदेश दीप शिखा शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।









