file_0000000041688207ba39fa13793d26ef
previous arrow
next arrow
IMG-20261121-WA0013
previous arrow
next arrow

हिमाचल में रोजगार कार्यालयों का किया जाएगा डिजिटलीकरण, बालिकाओं की विवाह योग्य आयु बढ़ाने के लिए होगा समिति का गठन- CM

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

राजस्व लोक अदालतों में 45 हजार से अधिक इंतकाल मामलों का निपटारा किया गया

एप्पल न्यूज, शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में प्रशासनिक सचिवों की ‘मंडे मीटिंग’ की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रमों एवं विकासात्मक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इन कल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि आम जन की सुविधा के लिए राजस्व अधिकारी लम्बित राजस्व मामलों का प्राथमिकता से निपटारा सुनिश्चित करें। राज्य में 01 और 02 दिसंबर, 2023 को आयोजित ‘राजस्व लोक अदालत’ के दौरान इंतकाल के 14 हजार से अधिक लम्बित मामलों का निपटारा किया गया।

उन्होंने लंबे समय से लम्बित इन मामलों में तेजी लाने के लिए राजस्व अधिकारियों के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्व लोक अदालत के दौरान अब तक 45 हजार से अधिक इंतकाल के लम्बित मामलों का निपटारा किया गया है और इससे बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए हैं।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं, चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों के बिजली बिल कम करने के विकल्प तलाशने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिकाओं की विवाह योग्य आयु 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष करने पर विचार कर रही है और इसके लिए शीघ्र ही स्वास्थ्य सचिव के नेतृत्व में एक समिति गठित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने व्यवस्थागत पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विभागों के कामकाज में प्रौद्योगिकी को शामिल करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी रोजगार कार्यालयों का डिजिटलीकरण किया जाएगा और कुशल श्रमशक्ति को रोजगार प्रदान करने की सुविधा के लिए नियोक्ताओं का पंजीकरण भी किया जाएगा।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस और जेल विभाग के आधुनिकीकरण पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रभावी सेवाएं व पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य परिवेश उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत पुलिस सुधारों पर विशेष ध्यान कंेद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेलों में हाई एंड नाइट विजन कैमरे लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा जिले के डगवार में एक अत्याधुनिक दूध प्रसंस्करण संयंत्र प्रस्तावित है और इसका कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी में निर्मित होने वाले सुख-आश्रय सदन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत सभी उपायुक्त कार्यालयों में जिला स्तर पर बैंक खाते खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में आबादी कम करने के लिए आजादी के बाद पहली टाउनशिप परियोजना जाठिया देवी में विकसित की जा रही है। उन्होंने इस परियोजना में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ई-वाहनों का सफलतापूर्वक संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में 17 ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने अन्य चार्जिंग स्टेशनों और आवश्यक बुनियादी ढांचे के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि 200 युवाओं ने ई-टैक्सी खरीदने के लिए परिवहन विभाग में आवेदन किया है। सरकार द्वारा ई-टैक्सी खरीदने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने वन विभाग में वन मित्रों, पुलिस कांस्टेबलों और जल शक्ति विभाग के पैरा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया की भी समीक्षा की।
बैठक में प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार और अन्य प्रशासनिक सचिव भी उपस्थित थे।
.0.

Share from A4appleNews:

Next Post

छत्तीसगढ़ में हुए घोटालों के पैसे का हुआ हिमाचल चुनाव में इस्तेमाल, जांच का विषय- जयराम

Mon Dec 4 , 2023
एप्पल न्यूज़, शिमला पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा की चाहे हम राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की बात करें तो वहां पर सभी कांग्रेस के नेता खोल कर प्रचार कर रहे थे कि पहले 10 महीने में उन्होंने अपनी 10 गारंटियां पूरी कर ली है और […]

You May Like

Breaking News