एप्पल न्यूज़, नई दिल्ली/शिमला
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एलपीजी रिफिल बुकिंग के अंतराल को लेकर नया आदेश जारी किया है। अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर की अगली बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतराल निर्धारित किया गया है।
मंत्रालय द्वारा 7 सितंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, फरवरी 2026 में मध्य-पूर्व में संघर्ष की स्थिति के दौरान एलपीजी की मांग को नियंत्रित करने के लिए शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया था। यह व्यवस्था उस समय अस्थायी मांग प्रबंधन उपाय के तौर पर लागू की गई थी।

अब मंत्रालय ने कहा है कि वर्तमान में एलपीजी की आपूर्ति की स्थिति में सुधार हुआ है और रिफिल की लंबित मांग में भी काफी कमी आई है। इसे देखते हुए मौजूदा व्यवस्था में संशोधन करने का निर्णय लिया गया है।
ग्रामीण उपभोक्ताओं को मिली राहत
नए निर्णय के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के अंतराल को घटाकर 25 दिन कर दिया गया है। यानी अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए समान नियम लागू होंगे।
मंत्रालय ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) को संशोधित व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए इंटर-रिफिल बुकिंग गैप 25 दिन रहेगा। यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है।









