एप्पल न्यूज़, केलांग/ लाहौल स्पीति
। जिला परिषद लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन सोमवार को जिला परिषद भवन के सभागार में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उपायुक्त एवं जिला परिषद की संबंधित प्राधिकारी किरण भड़ाना की उपस्थिति में हुई निर्वाचन प्रक्रिया में जिला परिषद के सभी 9 निर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।
निर्वाचन परिणाम के अनुसार ठिनले दिचेन पुत्री नवांग टशी, निवासी ग्राम एवं डाकघर काजा, तहसील काजा, जिला लाहौल-स्पीति को जिला परिषद लाहौल-स्पीति का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं सुरेश कुमार पुत्र किशन दास, निवासी गांव ठोलंग, डाकघर तांदी, तहसील लाहौल को जिला परिषद का उपाध्यक्ष चुना गया।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष ठिनले दिचेन और उपाध्यक्ष सुरेश कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के निर्वाचित पदाधिकारी जिले के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिला परिषद ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनकल्याण तथा स्थानीय स्तर की आवश्यकताओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ जिले के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस अवसर पर पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार, जिला पंचायत अधिकारी सुरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




