पेपर लीक के दोषियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई, कांग्रेस लोकतंत्र नहीं, अराजकता की कर रही राजनीति- डॉ. बिंदल

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow


संसद छोड़ सड़क पर टकराव का माहौल बना रही है : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

एप्पल न्यूज़, शिमला

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अब ऐसे सभी मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा मिल सके और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।
प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पेपर लीक के मामलों में सीबीआई जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी, पुनः परीक्षा और परीक्षा प्रणाली में तकनीकी सुधार जैसे कई कदम उठाए हैं। अब फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था कर सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के लिए कानून और सख्त होगा।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भाजपा भी इसी संकल्प के साथ विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान डॉ. बिंदल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह संसद में चर्चा से बच रही है और सड़क पर टकराव का माहौल बनाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को चुनौती दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास तक मार्च और भाजपा मुख्यालय के घेराव की कोशिश लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि अराजक राजनीति का उदाहरण है।
उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि प्रधानमंत्री आवास और भाजपा मुख्यालय तक जाने की क्या आवश्यकता थी। उनके अनुसार लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने के लिए संसद और अन्य संवैधानिक मंच उपलब्ध हैं, लेकिन कांग्रेस इन मंचों से भागकर राजनीतिक टकराव पैदा करना चाहती है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों के हितों को लेकर गंभीर होती तो संसद में सरकार के सामने अपने सुझाव रखती, लेकिन उसने चर्चा के बजाय विरोध और टकराव का रास्ता चुना। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों की भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जबकि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों, युवाओं और देश के भविष्य के साथ मजबूती से खड़ी है तथा पेपर लीक के दोषियों को कठोर दंड दिलाने और परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share from A4appleNews:

Next Post

चरस तस्करी के मामले में आरोपी को 13 वर्ष के कठोर कारावास की सजा

Thu Jul 23 , 2026
एप्पल न्यूज़, कुल्लू विशेष न्यायाधीश-प्रथम, कुल्लू, प्रकाश चंद राणा की अदालत ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत दोषी पाए गए झुडू राम पुत्र वेद राम, निवासी गांव गलिंगचा, डाकघर बठाहड़, तहसील बंजार, जिला कुल्लू को 13 वर्ष के कठोर कारावास तथा 1 लाख 30 हजार रुपये जुर्माने की […]

You May Like

Breaking News