लगभग 200 विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने लिया आम सभा में भाग; सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर में वाणिज्य विभाग द्वारा सत्र 2026-27 के लिए वाणिज्य सोसाइटी (Commerce Society) के गठन को लेकर आम सभा का आयोजन किया गया। सभा में वाणिज्य विषय से जुड़े लगभग 200 विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को सोसाइटी की भूमिका, उद्देश्यों तथा विभागीय गतिविधियों में उनकी सक्रिय सहभागिता के महत्व से अवगत करवाया गया।
आम सभा में सत्र 2026-27 के लिए वाणिज्य सोसाइटी की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। वाणिज्य विभाग की सह-आचार्य डॉ. राजन नेगी को सोसाइटी का अध्यक्ष चुना गया, जबकि तृतीय वर्ष की छात्रा यशिका को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। योगराज को सचिव तथा सूजल मेहता को सह-सचिव चुना गया। वहीं पहलवी, यशिका कपाटिया एवं रितिका को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

सोसाइटी में सलाहकार सदस्यों के रूप में स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों हरीश, तमन्ना नेगी, तमन्ना, सोमया, रितिका, विशुल एवं निक्षित का चयन किया गया। वहीं सोसाइटी की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों को विद्यार्थियों तथा व्यापक समुदाय तक पहुंचाने के उद्देश्य से अंजलि एवं मानस कार्तिक को मीडिया प्रतिनिधि नियुक्त किया गया।
वाणिज्य सोसाइटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न सह-पाठ्यक्रम एवं विभागीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर प्रदान करना है। सोसाइटी के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, संगठनात्मक कौशल, संचार कौशल तथा व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इसके अलावा वाणिज्य एवं व्यवसाय से जुड़े समसामयिक विषयों पर चर्चा, परिचर्चा, प्रश्नोत्तरी, भाषण, लेखन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने पर भी जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में विभाग के डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. हीरा भगती एवं डॉ. ईश्वर नेगी भी उपस्थित रहे। प्राध्यापकों ने सोसाइटी के गठन को विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन पर विभागीय प्राध्यापकों ने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी विद्यार्थियों को साथ लेकर वाणिज्य विभाग की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को और अधिक प्रभावी, रचनात्मक एवं उपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




